21 जनवरी, 2015

बंधन



प्रभु तूने यह क्या किया
जन्म मृत्यु के बंधन में बांधा
 भवसागर तरना मुश्किल हुआ
कोई आकर्षण नहीं यहाँ |

जब जन्म हुआ तब कष्ट हुआ
जैसे तैसे सह लिया
बाद में जो कुछ सहा
उससे तो कम ही था |

बचपन  फिर भी बीत गया
रोना हंसना तब ही जाना
 भार पड़ा जब कन्धों पर
जीना दूभर हो गया |

तब भी शिकायत थी तुमसे
पर समय न मिला उसके लिए  
ज्यों ज्यों कमली भीगती गयी  
मन पर भार चौगुना हुआ |

बीती जवानी वृद्ध हुआ
बुढ़ापे ने कहर बरपाया
ना मुंह में दांत न पेट में आंत
असहाय सा होता गया |

जाने कब तक जीना होगा
रिसते घावों को सीना होगा
भवसागर के बंधन  से
कब छुटकारा होगा |

जाने कब मृत्यु वरन करेगी
इस जीवन से मुक्ति मिलेगी 
चाहे तो पत्थर बना देना
मनुष्य का जन्म  न देना भगवान |
आशा







कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Your reply here: