02 दिसंबर, 2017

फलसफा प्रजातंत्र का


बंद ठण्डे कमरों में बैठी सरकार
नीति निर्धारित करती 
पालनार्थ आदेश पारित करती 
पर अर्थ का अनर्थ ही होता 
मंहगाई सर चढ़ बोलती 
नीति जनता तक जब पहुँचती 
अधिभार लिए होती 
हर बार भाव बढ़ जाते 
या वस्तु अनुपलब्ध होती 
पर यह जद्दोजहद केवल 
आम आदमी तक ही सीमित होती 
नीति निर्धारकों को 
छू तक नहीं पाती 
धनी और धनी हो जाते 
निर्धन ठगे से रह जाते 
बीच वाले मज़े लेते ! 
न तो दुःख ही बाँटते 
न दर्द की दवा ही देते 
ये नीति नियम किसलिए और 
किसके लिए बनते हैं 
आज तक समझ न आया ! 
प्रजातंत्र का फलसफा 
कोई समझ न पाया ! 
शायद इसीलिये किसीने कहा 
पहले वाले दिन बहुत अच्छे थे 
वर्तमान मन को न भाया !


आशा सक्सेना 




26 नवंबर, 2017

स्वीकार



व्यस्तता भरे जीवन में 
वह ऐसी खोई कि 
खुद को ही भूल गयी,
दिन और रात में 
ज़िंदगी एक ही सी हो गयी !
नहीं कोई परिवर्तन
आसपास रिक्तता का साम्राज्य 
और मस्तिष्क मशीन सा 
हुआ विचारों में मंदी का आलम 
ऐसा भी नहीं कि खुशियों ने 
कभी दी ही नहीं दस्तक 
मन के दरवाज़े पर 
लेकिन बंद द्वार 
न तो खुलता था ना ही खुला !
बाह्य आवरण 
जिसे उसने ओढ़ रखा था 
और सीमा पार करना वर्जित 
मन में झाँक कर देखा 
वह अकेली ही न थी ज़िम्मेदार 
आसपास की दुनिया भी तो थी 
उतनी ही गुनाहगार 
अब है बहुत उदास 
उदासी पीछा नहीं छोड़ती 
ना ही वह कोई परिवर्तन चाहती 
सब कुछ कर लिया है 
उसने अब स्वीकार !