21 जून, 2012

है कितना अकिंचन

एक नन्हां सा तिनका
समूह से बिछड़ा हुआ
राह में भटक गया
 बारम्बार सोच रहा
 जाने कहाँ जाएगा
होगा क्या हश्र उसका
 और कहाँ ठौर उसका
 यदि पास दरिया के गया  
बहा ले जाएगी उसे
उर्मियाँ अनेक होंगी 
उनके प्रहार से हर बार
क्या खुद को बचा पाएगा
यदि फलक पर
वजूद अपना खोजेगा


चक्रवात में फंसते ही
घूमता ही रह जाएगा
आगे बढ़ना तो दूर रहा
वहीँ फंसा रह जाएगा




   लगती उसे धरा सुरक्षित
पर अरे यह क्या हुआ 
 मनुज के पग तले आते ही
 जीवन उसका तमाम हुआ 
है कितना अकिंचन
कितना असहाय
सोचने के लिए अब 
 कुछ भी बाकी नहीं  रहा |
आशा













                                                                                                                                                                                              

19 जून, 2012

जकड़ा चारों ने ऐसा




बीत गया बचपन
ना कोई चिंता ना कोई झंझट
समय का पंछी कब उड़ा
 याद नहीं आता
 बढ़ी उम्र दर्पण देखा
देखे  परिवर्तन
मोह जागृत हुआ
अभीलाषा ने सर उठाया
कुछ कर गुजरने की चाह ने
चैन सारा हर लिया
मन चाही कुर्सी जब पाई
मद ने दी दस्तक दरवाजे पर
नशा उसका सर चढ़ बोला
अहंकार का द्वार खुला
चुपके से उसने कदम बढ़ाया
मन में अपना डेरा जमाया
जीवन के तृतीय चरण में
माया आना ना भूली
मन मस्तिष्क पर अधिकार किया
उम्र बढ़ी मुक्ति चाही
सारी दुनियादारी से
पर माया ने हाथ मिलाया
मोह, मद, मत्सर से
सब ने मिल कर ऐसा जकड़ा
छूट न पाया उनसे
अंतिम समय तक |
आशा


17 जून, 2012

वहीँ आशियाना बनाया


थी राह बाधित कहीं न कहीं
कैसे आगे बढ़ पाती

जीवन कहीं खो गया
उसे कहाँ खोज पाती
जब भी कदम बढाने चाहे
कई बार रुके बढ़ न सके
वर्जनाओं के भार से
खुद को मुक्त ना कर सके 
जितनी बार किसी ने टोका
सही दिशा न मिल पाई
भटकाव की अति हो गयी
अंतस ने भी साथ छोड़ा
विश्वास डगमगाने लगा
आँखें धुंधलाने लगीं
 कुछ भी नजर नहीं आया
थकी हारी एक दिन
रुकी ठहरी आत्मस्थ हुई
विचार मग्न निहार रही
दूर दिखी छोटी सी गली
देख कर पक्षियों की उड़ान
और ललक आगे जाने की
इससे संबल मिला
जीवन का उत्साह बढ़ा
तभी हो कर मगन
वहीँ आशियाना बनाया
चिर प्रतीक्षा थी जिसकी
उसी को अपनाया  |

आशा