04 जून, 2011

ये अश्रु


ये अश्रु हैं हिम नद से
यूँ तो जमें रहते हैं
पर थोड़ी ऊष्मा पाते ही
जल्दी से पिघलने लगते हैं |
ले लेते रूप नदी का
कभी बाढ भी आती है
तट बंध तोड़ जाती है
जाने कितने विचारों को
साथ बहा ले जाती है |
तब जल इतना खारा होता है
विचारों के समुन्दर से मिल कर
साथ साथ बह कर
थी वास्तविकता क्या उसकी
यह तक याद नहीं रहता |
अश्रु हैं इतने अमूल्य
व्यर्थ ही बह जाना इनका
बहुत व्यथित करता है
बिना कारण आँखों का रिसाव
मन पर बोझ हो जाता है |
आशा





03 जून, 2011

अनोखा जीवन मनुष्य का


जल में तैरतीं इठलातीं
रंग बिरंगी मछलियां
भोजन की तलाश में
यहाँ वहाँ जाती मछलियां |
तितलियाँ उड़ातीं फिरतीं
एक फूल से दूसरे पर
मकरंद का रस लेतीं
जब तक जीतीं
आकण्ठ डूबी रहतीं
मस्ती में |
पर मनुष्य ऐसा कहाँ
वह तो है उपज
विकसित मस्तिष्क की |
सोचता है कुछ
करता कुछ और है
कभी खाली नहीं रहता
खोजता रहता
नायाब तरीके धनोपार्जन के |
वे हों चाहे नैतिक या अनैतिक
बस वह तो यही जानता है
धन तो धन ही है
चाहे जैसे भी आए |
मानता हैजीवन का आधार उसे |
आकण्ठ डूब कर उसमें
अपने आप को
कृतकृत्य मानता है |
समाज भी ऐसे ही लोगों को
देता है मान प्रतिष्ठा
जो धनिक वर्ग से आते हैं
अपने को सर्वोपरी मानते हैं |
अंत समय आते ही
याद आता है ईश्वर
जिसे पहले कभी पूजा ही नहीं
यदि पूजा भी तो रस्म निभाई |
जो प्रेम दूसरों से किया
था केवल दस्तूर दुनिया का
अब कुछ भी न रहा |
मन में अवसाद लिए
दुनिया छोड़ चला
वह मछली सा या तितली सा
कभी ना बन पाया |
आशा








02 जून, 2011

दूर कहीं चले जाते


पहले उनका इन्तजार
बड़ी शिद्दत से किया करते थे
हर वक्त एक उम्मीद लिए
नजरें बिछाए रहते थे |
इन्तजार उसका क्यूँ करें
जिसने हमें भुला दिया
जब उसे ही हमारी फिक्र नहीं
गैरों से गिला क्यूँ करें |
हाले दिल बयां क्यूँ करें
परेशानी का सबब क्यूँ बनें
जब रुलाने में ही उसे मजा आए
उसकी खुशी में इज़ाफा क्यूँ करें |
गर अल्लाह से कुछ मांगते
जो भी पाते खैरात में देते जाते
दवा तो लगती नहीं
तब सदका भी उतारते
दुआ से ही काम चला लेते
वह भी अगर नहीं मिलाती
जिंदगी से पनाह मांग लेते |
वह भी अगर भुला देते
तब दूर कहीं चले जाते
उससे रहते दूर बहुत
दामन भी कभी ना थामते |
आशा |



आशा

बेचैन पक्षी


नीलाम्बर में  
प्रकृति के आँचल में
नीली छतरी के नीचे
यहाँ वहाँ उड़ते फिरते 
थे स्वतंत्र फिर भी 
भयाक्रांत रहते थे |
डर कर  चौंकते थे 
विस्फोटों से 
कर्ण कटु आवाजों से
पंख फैला कर उड़ते 
या  उन्हें फड़फड़ाते
कभी आँखें मूँदे 
अपने कोटर में 
या पत्तियों की आड़ में दुबके 
यही  सोचते रहते थे
ना  जाने कब परिवर्तन होगा
भय मुक्त वातावरण होगा
डर  डर कर कब तक जियेंगे
कैसे ये दिन बीतेंगे |
जब  सुखद वातावरण होगा
मौसम सुहावना होगा
बाधा मुक्त जीवन होगा
भय मुक्त हो
स्वतंत्र विचरण करेंगे |
प्रसन्न मन  दाना चुगेंगे
स्वच्छ  जल की तलाश में
मन चाहा सरोवर चुनेंगे
बेचैनी  से दूर बहुत
वृक्षों पर बैठ
चहकेंगे  चहचहाएंगे |

आशा






01 जून, 2011

चाँद भी लजाया है

चितचोर बना मोर
पंख फैला थिरकता |
रंगों की छटा देखता
मन में समाया है |
ये मधुर स्वर सुन
कानों में गूंजती धुन |
जब स्वर पास आया
और पास लाया है |

है अद्भुद रूप तेरा
आकर्षित करता है |
अपने जादू से तूने
सब को लुभाया है |
काकुल चहरे पर
आ छु गयी इस भांति
काली घटा देख कर
चंद्र शरमाया है |

मधुर मुस्कान भरी
ऐसी प्यारी छवि तेरी |
देखी सुंदरता तेरी
चाँद भी लजाया है |
आशा




31 मई, 2011

भरम टूट ना जाए


इस बेरंग उदास  जिंदगी में
तुम बहार बन  कर आए
काली घटाएं जब छाईं
स्नेह की फुहार बन  कर आए |
रास्ता भूली भटक गयी
गंतव्य तक ना पहुँची
तभी सही मार्ग दर्शन दिया
मेरी राह बन कर आए |
इस सूखी बंजर भूमि पर
बहुत थी वीरानगी
नए पौधे लगाए
हरियाली बन कर छाए |
अब सजने लगे सपने
कई लगने लगे अपने
आसपास बने झूठे आवरण से
बाहर मुझे निकाल पाए |
नैराश्य भरे जीवन में
 कुछ इस तरह छाए
जैसे किसी सरोवर में
कई कमल खिलाए |
इस बेरंग जीवन में
जब सब से दूर रही
 अवसाद ने जड़ें जमाईं
मेरे लिए मनुहार बन कर आए |
मैं हूँ बहुत खुश
आज की स्थिती के लिए
कहीं जाने की बात ना करना
कहीं मेरा भरम टूट ना जाए |
आशा



29 मई, 2011

कुछ समय आदिवासियों के संग

जब पहली बार साथ गयी
था दिन हाट का
कुछ  सजे संवरे आदिवासी
करने आए थे बाजार
थीं साथ महिलाएं भी |
मैं  दरवाजे की ओट से
देख रही थी  हाट  की रौनक
उन्हें  जैसे ही पता चला
कुछ मिलनें आ गईं
पहले सोचा क्या बात करू
फिर  लोक गीत सुनना चाहे
उनकी मधुरता लयबद्धता
आज  तक भूल नहीं पाई|
थे  गरीब पर मन के धनी
गिलट  के जेवर ही काफी थे
रूप निखारने के लिए
केश विन्यास की विशिष्ट शैली
मन को आकृष्ट कर रही थी |
धीरे से वे पास आईं
घर आने का किया आग्रह
फिर  बोलीं जरूर आना
 स्वीकृति  पा प्रसन्न  हो   चली गईं |
प्रातः काल हुए तैयार
कच्ची सड़क पर उडाती धूल
गराड पर चलती हिचकोले खाती
आगे बढ़ने लगी जीप|
जब मुखिया के घर पहुंचे
हतप्रभ हुए स्वच्छता   देख
था  झोंपडा कच्चा
पर चमक रहा था कांच सा |
द्वार  सजा मांडनों से
भीतरी  दीवार सजी
तीर कमान और गोफन से
मक्का  की रोटी और साग
साथ थी  छाछ  और स्नेह का तडका
वह स्वाद आज तक नहीं भूली  |
दिन ढला शाम आई
फिर  रात में चांदनी  नें पैर पसारे
सज धज कर सब  आए   मैदान में |
ढोल  की थाप पर कदम से कदम मिला
गोल घेरे में मंथर गति से थिरके
नृत्य और  गीतों का समा था ऐसा
पैर रुकने  का नाम न लेते थे |
एक  आदिवासी बाला ने मुझे  भी
  नृत्य में शामिल किया
वह अनुभव भी अनूठा था
रात कब बीत गयी पता ही नहीं चला |
सुबह हुई कुछ बालाओं नें
अपनी विशिष्ट शैली में
मेरा  केश विन्यास किया
कच्चे कांच की मालाओं से सजा
काजल  लगाया  उपहार दिए
वह साज सज्जा आज भी भूली नहीं हूँ
वह  प्यार वह मनुहार
आज भी बसी है  यादों में |
अगली हाट  पर 
भिलाले आदिवासी  भी  आए
बहुत आग्रह से आमंत्रित किया
पर हम नहीं जा पाए
एक  अवसर खो  दिया उनको जानने का
उनका प्रेम पाने का |
आशा